राजधानी में दहशत: लाल किला के पास धमाका, कार ब्लास्ट से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप |

नई दिल्ली, 10 नवंबर 2025: सोमवार शाम राजधानी दिल्ली में लाल किला के पास धमाका, ऐतिहासिक लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना शाम करीब 6:52 बजे की है, जब एक धीमी गति से चल रही कार ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी और अचानक उसमें विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज़ था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियाँ और ऑटो-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक इस हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि उन्नीस से बीस लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड, फॉरेंसिक टीमें और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) तथा नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले को गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम UAPA के तहत दर्ज किया है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अभी यह कहना जल्दबाज़ी होगी कि यह आतंकी हमला था या किसी तकनीकी खराबी का नतीजा। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटनास्थल पर कोई गड्ढा (क्रेटर) नहीं मिला है और न ही छर्रे या स्प्लिंटर के निशान पाए गए हैं, जो आमतौर पर बम विस्फोटों में देखे जाते हैं।

news

कार के मालिक और उसमें सवार लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं। धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है, जबकि उत्तरी रेलवे ने नई दिल्लीहजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। इसके साथ ही पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी सुरक्षा व्यवस्था सख़्त कर दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सभी संभावित कोणों से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नज़रअंदाज़ नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी घटना की उच्च-स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट का कारण किसी विस्फोटक पदार्थ का उपयोग था या वाहन में तकनीकी खराबी। फॉरेंसिक रिपोर्ट और सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद ही स्थिति साफ़ हो सकेगी। इस बीच दिल्ली के संवेदनशील इलाकों, बाज़ारों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top