बदरपुर थाना अंतर्गत मोलरबंद गली नंबर 72 में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक व्यक्ति की नाले में गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण इलाके में जलभराव हो गया था। मृतक गली के किनारे से गुजर रहा था, लेकिन पानी भरे होने की वजह से उसे नाले की दीवार का अंदाजा नहीं लग पाया और वह सीधे नाले में गिर गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाले की समय पर सफाई न होने के कारण हर बारिश में यह नाला उफनने लगता है और जलभराव की स्थिति बन जाती है। लोगों ने यह भी बताया कि यह कोई पहला हादसा नहीं है मोलरबंद क्षेत्र में नाले की लापरवाही के चलते आए दिन किसी न किसी को जान का जोखिम उठाना पड़ता है।लोगों ने Municipal Corporation of Delhi (MCD) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि विभाग की लापरवाही और नाले की सही मेंटेनेंस न होने के कारण ही ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और इलाके के नालों की तुरंत सफाई और मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे दोबारा न हों।



